Call Us:

+91-11-22414049, 22453724

Email Us:

info@wowindia.info

bookmark_borderआप वैसे नहीं हैं

आप वैसे नहीं हैं 

आज के हमारे इस लेख का विषय है “आप वैसे नहीं हैं”…

Katyayani Dr. Purnima Sharma
Katyayani Dr. Purnima Sharma

आपने अक्सर लोगों को कहते सुना होगा कि हमें गुस्सा नहीं आता, लेकिन जब कोई कुछ ग़लत बात बोल देता है तो हम अपना टेम्पर लूज़ कर जाते हैं | यानी लोग अपने गुस्से का इलज़ाम दूसरों पर डाल देते हैं कि ये तो दूसरे लोग हैं जिनके कारण हमें गुस्सा आता है | या कभी ऐसा भी होता है कि कोई बोल देता है “तुम बेवकूफ हो” और हम उसे सच मान बैठते हैं | हमारे मन में हीन भावना आ जाती है | हम अपने आपको निरर्थक समझने लगते हैं | ऐसा नहीं होना चाहिए |

कोई दूसरा आपके विषय में क्या सोचता है आप पर इस बात से कोई असर क्यों पड़े ? क्यों आप दूसरों की बातों से प्रभावित होते हैं ? आप जो हैं – जैसे भी हैं – वैसे ही हैं | किसी दूसरे के आपको बेवकूफ कहने से आप बेवकूफ नहीं हो जाते | ये उन दूसरे लोगों की धारणा है आपके विषय जो बहुत से कारणों से बन सकती है – सम्भव है किसी अन्य व्यक्ति ने उन्हें बेवकूफ़ कहा हो और उसका बदला लेने के लिए वे आपको बेवकूफ़ बोल रहे हैं | या फिर उनकी अपनी हीन भावना या कुछ भी हो सकता है | तो उस सबका असर आप पर होना ही नहीं चाहिए | आप जो हैं – जैसे भी हैं – वैसे ही हैं – और दूसरा व्यक्ति जैसा है वैसा है |

आप वैसे नहीं हैं जैसा दूसरे आपको देखना चाहते हैं | आप एक व्यक्तित्व हैं | आप दूसरों से बिल्कुल अलग हैं | कोई भी दो लोग एक जैसे नहीं हो सकते – न शक्ल सूरत में, न स्वभाव में, न गुणों में – जुड़वां बच्चों की बात अलग है – लेकिन उनके स्वभाव भी प्रायः एक जैसे नहीं होते | और कहा तो यहाँ तक जाता है कि एक ही शक्ल के सात लोग संसार के किसी भी कोने में हो सकते हैं – तो ये एक अलग बात है | कहने का मतलब यही है कि आपकी अपनी एक अलग पहचान है | आवश्यकता है अपनी उस पहचान को समझने की | आवश्यकता है अपना मूल्य जानने की | आप अपने महत्त्व खुद ही समझने लग जाएँगे तो दूसरे आपके विषय में उलटा सीधा बोलना बन्द कर देंगे और आपकी योग्यता को पहचानने लग जाएँगे |

एक प्रयोग करके देखिये | अगर कोई आपके लिए कुछ ग़लत बोलता है या आपको नीचा दिखाने की कोशिश करता है तो एक लम्बी साँस लीजिये और मन में संकल्प कीजिए कि “हम पर कोई असर इस बात का नहीं पड़ता | हम इस बात पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे – कुछ भी रिएक्ट नहीं करेंगे – हम बिल्कुल शान्त रहेंगे…” और ऐसा संकल्प लेकर मुस्कुराइए और आगे बढ़ जाइए | विश्वास कीजिए, ऐसा करके आपको स्वयं अनुभव होगा कि अपने प्रति आपकी सारी हीन भावना – दूसरों के प्रति आपकी सारी नकारात्मकता एक ही बार में दूर हो जाएगी | और निरन्तर इस अभ्यास को करते रहने से कभी आप पर किसी की नकारात्मक बातों का असर होना ही बन्द हो जाएगा | एक बार करके तो देखिये ऐसा प्रयास…

तो अन्त में बस यही कहेंगे कि अपने प्रति उदार बनिए… दूसरों के अनुसार खुद को बदलने का प्रयास मत कीजिए… क्योंकि आप वैसे नहीं हैं जैसा दूसरे आपको देखना चाहते हैं या जैसे दूसरे हैं… आप स्वयं में एक व्यक्तित्व हैं…

आज के लिए बस इतना ही… अगली बार किसी दूसरे विषय के साथ आपके समक्ष होंगे… तब तक के लिए नमस्कार…

कात्यायनी………..